बिल्सी। नगर की गौशाला मेला श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन इस बार 11 अक्तूबर से चार नवंबर तक किया जाएगा। आयोजन समिति ने महोत्सव को लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा जारी कर दी है। इसमें धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। मंचन को लेकर यहां रंगाई-पुताई का काम शुरु कर दिया गया है। समिति के अध्यक्ष संजीव वाष्र्णेय विक्की ने बताया कि 11 अक्तूबर को शाम पांच बजे गणेश एवं वानर शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी। 17 अक्तूबर को शाम पांच बजे से नगर में श्रीरामचंद्र जी की भव्य बरात निकाली जाएगी। 27 से 30 अक्तूबर तक कृष्ण रासलीला मंचन होगा। 30 अक्तूबर को शाम पांच बजे रामलीला मैदान में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसी दिन शाम सात बजे राजगद्दी एवं भरत मिलाप कार्यक्रम होगा। 31 अक्तूबर को रात आठ बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एक नवंबर को रात आठ बजे मां भगवती का विशाल जागरण होगा। मेले में झूला, बिजली झूला, ब्रेक डांस, जंपिंग, खेल तमाशे, झूला नाव और ट्रेन समेत विभिन्न मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रमों में आवश्यकतानुसार बदलाव का पूर्ण अधिकार आयोजन समिति के पास रहेगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


