बदायूं
पूर्णिमा गंगा स्नान को लेकर बदायूं में बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन, 25 सितंबर रात 8 बजे से लागू रहेगी व्यवस्था
केशव गुप्ता
कछला-अटैना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, भारी वाहनों समेत अन्य वाहनों के रूट बदले
बदायूं। पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व को लेकर बदायूं पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए बड़ा डायवर्जन प्लान जारी किया है। कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था 25 सितंबर की रात 8 बजे से 26 सितंबर की रात 8 बजे तक लागू रहेगी।
बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहन उझानी बाईपास → मुजरिया → सहसवान → जरीफनगर → गुन्नौर → बबराला → अलीगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
वहीं बदायूं से कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को नौशेरा तिराहा → थाना कादरचौक → गंजडुंडवारा होकर भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार मुजरिया चौराहे से कछला होते हुए कासगंज की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह कछला रोड, सहसवान से भी कछला होते हुए कासगंज जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
इन स्थानों पर रहेगा विशेष डायवर्जन
नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और कछला रोड सहसवान पर पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी।
हालांकि, कछला और अटैना घाट पर गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


