8:21 pm Thursday , 24 September 2026
BREAKING NEWS

उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में धूमधाम से मनाया गया ‘मीना का जन्मदिन

उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में धूमधाम से मनाया गया ‘मीना का जन्मदिन’

बालिका शिक्षा व लैंगिक समानता पर दिया गया जोर, कृष्ण-सुदामा नाटक ने मोहा मन

दातागंज। स्थानीय क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में ‘मीना का जन्मदिन’ पूरे हर्षोल्लास व उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मां सरस्वती की वंदना से हुआ, जिसके बाद उपस्थित अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया।
समारोह में मीना मंच की पावर एंजल्स द्वारा केक काटा गया। विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान मीना मंच की सदस्यों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली और छात्रों द्वारा प्रस्तुत ‘कृष्ण-सुदामा की मित्रता’ पर आधारित नाटक का मंचन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ साथ ‘मीना’ व ‘राजू’ का किरदार निभाने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक मोहम्मद राशिद कादरी ने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, उनमें लैंगिक समानता, आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से यूनिसेफ द्वारा मीना मंच की परिकल्पना की गई है।
सहायक अध्यापक श्रीकिशन वर्मा व आदित्य सक्सेना ने बालिका शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे हैं, उन्हें केवल समान अवसर और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।
विशिष्ट अतिथि आर जी सनराइज विद्यालय के प्रबंधक रिशी शर्मा ने भी बच्चों को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पावर एंजेल प्रियंका द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आर जी सनराइज विद्यालय के प्रबंधक रिशी शर्मा , ग्राम प्रशासक जगदीश मौर्य, एसएमसी अध्यक्ष उर्वेश कुमार शर्मा, बीडीसी सदस्य बिंदरपाल, सहायक अध्यापक चमन शर्मा, मनोज कुमार, पावर एंजेल दीप्ति पाठक, कोमल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस