8:20 pm Thursday , 24 September 2026
BREAKING NEWS

हर बार शांतिभंग की कार्रवाई तक सीमित पुलिस की कार्रवाई

हर बार शांतिभंग की कार्रवाई तक सीमित पुलिस की कार्रवाई

चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष किया पेश

कुंवरगांव संवाददाता

कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव पुलिस की ओर से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर गुरुवार को चार लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। हालांकि, क्षेत्र में लगातार इसी तरह की कार्रवाई किए जाने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की ओर से विवाद की आशंका के मामलों में कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन हर बार कार्रवाई को शांतिभंग की धाराओं तक सीमित किए जाने से अन्य मामलों में पुलिस की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस के अनुसार, शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में ग्राम बंडे निवासी अलफन पुत्र करीमुद्दीन उर्फ करू (50), ग्राम कल्लिया काजमपुर निवासी जगनपाल पुत्र दीनराम सिंह, ग्राम लरेड़ी निवासी वीरपाल उर्फ छोटू (30) पुत्र छोटेलाल तथा सोरन सिंह (32) पुत्र करोर शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर ऐसे लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाती है, जिनसे विवाद या कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस के मुताबिक चारों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वहीं, स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या हर विवाद या संभावित विवाद की स्थिति में शांतिभंग की कार्रवाई ही पुलिस का मुख्य विकल्प रह गया है?
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल 733 वीरेश कुमार और कांस्टेबल 1073 राजेश कुमार शामिल रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस