बदायूं
सपा को झटका: मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के दातागंज विधानसभा अध्यक्ष आसिफ नियाजी ने दिया इस्तीफा, मुस्लिम समाज की अनदेखी का लगाया आरोप
केशव गुप्ता
उसहैत/बदायूं। समाजवादी पार्टी की यूथ विंग मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के दातागंज विधानसभा अध्यक्ष आसिफ नियाजी ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उसहैत निवासी आसिफ नियाजी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पार्टी पर मुस्लिम समाज और मुस्लिम नेताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया है।
आसिफ नियाजी को हाल ही में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का दातागंज विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बताया गया कि इसी महीने 12 सितंबर को हुई मासिक बैठक के बाद उन्होंने पार्टी की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई और इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में आसिफ नियाजी ने कहा कि पार्टी में मुस्लिम नेताओं को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने आजम खान, डॉ. उस्मानी, सलीम इकबाल शेरवानी और आबिद रजा जैसे नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब बड़े मुस्लिम नेताओं को सम्मान नहीं मिलेगा तो कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
नियाजी ने आरोप लगाया कि पार्टी मुस्लिम समाज का वोट तो चाहती है, लेकिन मुस्लिम नेताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं देती। उन्होंने कहा कि इन्हीं कारणों से वह समाजवादी पार्टी और अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
जिलाध्यक्ष बोले—आरोप निराधार, लिखित इस्तीफा नहीं मिला
मामले में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष वैभव उपाध्याय ने आसिफ नियाजी के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की बैठकों में सभी प्रमुख नेताओं के नारे लगाए जाते हैं और आजम खान के भी नारे लगाए जाते हैं।
जिलाध्यक्ष ने आशंका जताई कि आसिफ नियाजी का किसी अन्य पदाधिकारी से मनमुटाव हो सकता है, जिसके चलते वह नाराज हैं। उन्होंने बताया कि आसिफ से बातचीत करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
वैभव उपाध्याय ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें आसिफ नियाजी की ओर से लिखित इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। उन्हें फिलहाल सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के माध्यम से ही उनके इस्तीफे की जानकारी मिली है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


