उझानी में ‘मेरे सपनों का भारत’ पर बच्चों ने दिखाया टैलेंट, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में उमड़ा उत्साह।
उझानी के एमजीपी इंटर कॉलेज में आयोजित।
उझानी / बदायूं 24 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान यात्रा के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम का ब्लॉक स्तरीय आयोजन गुरुवार को महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी में धूमधाम से हुआ।
कार्यक्रम में ब्लॉक उझानी के माध्यमिक, जूनियर और प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को परखने के लिए दो वर्गों में प्रतियोगिताएं हुईं – कक्षा 6 से 8 तक – चित्रकला प्रतियोगिता- कक्षा 9 से 12 तक – पोस्टर, भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता।
बच्चों ने भारत के सपनों को कैनवास पर उकेरा, तो मंच से भाषण में राष्ट्र निर्माण का विजन भी सुनाया।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्य मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल और ब्लॉक प्रमुख उझानी शिशुपाल शाक्य ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। दोनों अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
अतिथियों ने कहा कि यही बच्चे कल का भारत बनाएंगे। रचनात्मक सोच, ज्ञान और देशभक्ति के साथ आगे बढ़ें तो ‘मेरे सपनों का भारत’ साकार होगा।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार तोमर, निर्णायक मंडल, समस्त शिक्षकगण और स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक बनने के संकल्प के साथ हुआ।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


