संविदा ANM ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, विधायक को सोंपा नियमितीकरण की मांग।
उझानी / बदायूं 24 सितंबर।
सीएचसी उझानी में तैनात संविदा एएनएम ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायक हरीश शाक्य के माध्यम से भेजा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के अधीन प्रदेश भर में संविदा नर्स मिडवाइफ (ANM) विगत कई वर्षों से संविदा के आधार पर ग्रामीण व शहरी स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सेवाएं दे रही हैं।
एएनएम मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, जननी सुरक्षा सहित कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा से कर रही हैं।
यह अत्यंत दुखद है कि 10 वर्ष से अधिक समय तक सेवा देने और निर्धारित 240 दिन से कहीं अधिक की सेवाएं प्रदान करने के बावजूद आज तक इन संविदा एएनएम के स्थायीकरण को लेकर कोई ठोस व निश्चित नीति निर्धारित नहीं की गई है, जबकि उनका कार्य पूर्णतः स्थायी प्रकृति का है और वे नियमित कर्मियों के समान ही कार्य कर रही हैं।
समान कार्य के बावजूद समान वेतन-भत्ते व अन्य सेवा सुविधाएं न दिया जाना न केवल समानता के अधिकार का हनन है, बल्कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) का भी उल्लंघन है।
इसलिए मांग है कि -राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत सभी संविदा एएनएम को नियमित किया जाए। समान कार्य का समान वेतन लागू किया जाए।

ज्ञापन देने वालों में सीएचसी उझानी की संविदा एएनएम सरिता, शालिनी, सीमा, मेहताबीन, नेहा शर्मा, शमा परवीन, सरोज, ज्योति, रीता, कृतिका, प्रीति मिश्रा, शकुंतला, खुशबू, वंदना, स्नेहलता, अर्चना शर्मा, सुहानी चौहान, रेखा रानी, अंजलि, रीनू, शिखा सिंह, ज्योति साहू, रौनक, निर्मला सहित समस्त संविदा एएनएम मौजूद रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


