उझानी में आशा बहुओं ने विधायक को सौंपा 11 सूत्रीय मांग पत्र, 26 हजार मानदेय की मांग।
उझानी-बदांयू 24 सितंबर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी पर बृहस्पतिवार को आशा वर्कर्स एसोसिएशन अर्बन शहरी व ग्रामीण क्षेत्र ने मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय मांग पत्र बिल्सी विधायक हरीश शाक्य को सौंपा।
एसोसिएशन की अध्यक्ष शरीना परवेज के नेतृत्व में आशाओं ने मांग पत्र राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा और विधायक हरीश शाक्य के माध्यम से मुख्यमंत्री तक भेजने की मांग की।
आशाओं ने बताया कि उन्हें लंबे समय से मात्र 2000 रुपये मानदेय और 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिल रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट है। साथ ही अस्पताल स्टाफ द्वारा प्रताड़ना झेलनी पड़ती है।
मुख्य मांगे इस प्रकार हैं -एकमुश्त मानदेय 26,000 रुपये किया जाए।
सभी आशा बहुओं को सरकारी कर्मचारियों की भांति सभी सुविधाएं दी जाएं।
आशाओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाए, उत्पीड़न पर रोक लगे।
सभी सीएचसी पर आशाओं के लिए पृथक सुविधाओं से युक्त रैन बसेरा बनाया जाए।
मातृत्व अवकाश के साथ जीवन बीमा 2 लाख से बढ़ाकर 10 लाख और स्वास्थ्य बीमा के लिए कैशलेस योजना के अतिरिक्त 5 लाख दिए जाएं।
दुर्घटना बीमा 2 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किया जाए।
फरवरी 2026 को उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुए समझौते की 12 मांगों को पूरा किया जाए।
आयुष्मान कार्ड सृजन और आभा आईडी के बकाया प्रोत्साहन का पूरा भुगतान हो।
पोलियो, फाइलेरिया, दस्तक, संचारी अभियान की प्रोत्साहन राशि पुनरीक्षित कर दैनिक 500 रुपये की जाए।
टीबी, टीबीआई, कुष्ठ रोग, स्क्रीनिंग सहित विगत वर्षों का बकाया भुगतान तत्काल हो।
रात्रिकालीन ड्यूटी की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाए।
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन (एक्टू) ने भी प्रभारी चिकित्साधिकारी उझानी को पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि 7 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुए 13 सूत्रीय समझौते को आज तक लागू नहीं किया गया।
यूनियन ने कहा कि आश्वस्त भुगतान 1500 से 7500 करने, मातृत्व अवकाश, जीवन बीमा और 5 लाख अतिरिक्त भुगतान का वादा पूरा नहीं हुआ। 2018 से आयुष्मान गोल्डन कार्ड, कोविड-19 के 1000 रुपये, कुष्ठ रोग, टीबी, फाइलेरिया, नसबंदी सहित कई अभियानों का प्रोत्साहन भुगतान अटका पड़ा है। आभा आईडी का 2023 का भुगतान बाजार भाव के अनुसार नहीं दिया गया।
आशाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी न्यायोचित मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को बाध्य होंगी।
इस अवसर पर संरक्षक दिनेश चन्द्र सक्सेना, अध्यक्ष शरीना परवेज, मीडिया प्रभारी एम. आरिफ खां, सचिव रेशमा, ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रतिभा यादव, महासचिव तवस्सुम, प्रचार मंत्री हेम कुमारी, उप महासचिव ज्योति दिवाकर, संयोजक अनुज नागर, उपाध्यक्ष आरती कश्यप सहित तमाम आशा बहुएं मौजूद रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


