डीएम के आदेश पर यातायात पुलिस सख्त: उझानी में ओवरलोड स्कूली ई-रिक्शा पकड़ा, कागज चेक कर दी हिदायत।
उझानी (बदायूं) 24 सितंबर।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद यातायात पुलिस ने स्कूली वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को यातायात उपनिरीक्षक मुरारी लाल साहू ने नगर के घंटाघर चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक ओवरलोड स्कूली ई-रिक्शा को रोक लिया।
जांच के दौरान ई-रिक्शा के कागजात चेक किए गए और चालक को सख्त हिदायत दी गई कि मानक के अनुसार ही बच्चों को बैठाया जाए। चेतावनी देकर ई-रिक्शा को छोड़ दिया गया।
यातायात उपनिरीक्षक मुरारी लाल साहू ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश का नगर में सख्ती से पालन कराया जाएगा। जिन विद्यालयों के वाहन मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन वाहनों और संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


