बदायूं
यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत
केशव गुप्ता
35 यात्रियों से भरी बस में भीषण आग, खिड़कियों से कूदकर 20 से अधिक ने बचाई जान; शवों की पहचान के लिए DNA जांच की तैयारी
ग्रेटर नोएडा/जेवर। यमुना एक्सप्रेसवे पर एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास बुधवार देर रात बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। दयानतपुर गांव के पास करीब 35 किमी माइलस्टोन पर बिहार नंबर की राज कल्पना ट्रेवल्स की डबल डेकर स्लीपर बस (BR32 PA8647) में अचानक भीषण आग लग गई। बस दिल्ली/नोएडा से महोबा जा रही थी। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।
बताया गया कि बस के इंजन की तरफ धुआं और आग दिखाई देने पर चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। आग तेजी से फैलने के कारण 20 से अधिक यात्री खिड़कियों से कूदकर बाहर निकल गए, लेकिन कई यात्री बस के अंदर फंस गए।
प्रशासन ने तड़के करीब 3:30 बजे नौ यात्रियों की मौत की पुष्टि की। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जल गई और शवों को निकालने के लिए बस की बॉडी काटनी पड़ी। करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। चार से पांच फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जेवर टोल पर करीब 20 से 30 मिनट तक यातायात भी रोका गया।
घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सुरक्षित बचे यात्रियों को प्रशासन ने टेंपो ट्रैवलर के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
शवों की पहचान बनी चुनौती
आग में शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अब टिकट बुकिंग और यात्रा विवरण के आधार पर मृतकों के परिजनों से संपर्क करेगी। जरूरत पड़ने पर �DNA मिलान के जरिए शवों की पहचान कराई जाएगी।
आग कैसे लगी, जांच जारी
बस में आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे की जांच में जुटे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बस से �पटाखे फूटने जैसी आवाजें आने की बात कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


