11:35 pm Wednesday , 23 September 2026
BREAKING NEWS

तेज रफ्तार स्कूल वैन ने किशोर को मारी टक्कर, चालक वैन समेत फरार

स्कूल के पास ही सुरक्षा के दावों की खुली पोल, घायल किशोर अस्पताल में भर्ती

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के मढ़िया भांसी मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार स्कूल वैन ने सड़क किनारे खड़े 18 वर्षीय किशोर को टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी चोट आई है। हादसे के बाद वैन चालक घायल को सड़क पर छोड़कर वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
गांव दरवानगर निवासी पूर्व प्रधान द्रुगपाल पुत्र बालकराम अपने 18 वर्षीय पुत्र शिवम को दवा दिलाने बाइक से कुंवरगांव जा रहे थे। एसएस राइजिंग स्टार स्कूल से करीब 100 मीटर पहले उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और लघुशंका के लिए चले गए। इस दौरान उनका बेटा शिवम बाइक के पास खड़ा था।
इसी बीच स्कूल की तेज रफ्तार वैन वहां पहुंची और शिवम व बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक का मौके से गायब हो जाना अब कई सवाल खड़े कर रहा है।
जिस सड़क पर बच्चों को लेकर स्कूल वाहन दौड़ते हैं, वहीं एक किशोर के घायल होने के बाद चालक का रुककर जिम्मेदारी निभाने के बजाय वैन लेकर निकल जाना स्कूली परिवहन व्यवस्था और जिम्मेदारी पर तंज कसता नजर आ रहा है। सवाल यह भी है कि स्कूल वैन की रफ्तार और चालक की लापरवाही पर निगरानी कौन रखता है?
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर वैन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस