बदायूं
उझानी: मोहल्ले वालों ने पकड़ा बाइक चोर, पुलिस ने लूटी वाहवाही – दो साथी अब भी फरार।
उझानी (बदायूं) 23 सितंबर।
कोतवाली उझानी पुलिस ने भले ही चोरी की बाइक के साथ एक शातिर को गिरफ्तार कर प्रेस नोट जारी किया हो, लेकिन हकीकत ये है कि चोर को मोहल्ले वालों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस पूरे मामले में वाहवाही लूटती नजर आई, जबकि पकड़े गए अभियुक्त के दो अन्य साथियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उझानी पुलिस ने अभियुक्त अंकुश पुत्र मोरपाल निवासी बिहार हरचन्दपुर को चोरी की मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ ओर भी केस दर्ज है , उसे आज कोर्ट में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह मय टीम शामिल रहे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़ा गया अंकुश शातिर किस्म का है। उसके खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक चोरी की वारदात गद्दी टोला में हुई थी, मोहल्ले वालों ने ही घेराबंदी कर अंकुश को पकड़ा और पुलिस को सौंपा। आरोप है कि इस दौरान उसके दो अन्य साथी मौके से भाग निकले, जिन्हें पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सोशल मीडिया सेल बदायूं ने हालांकि अपनी प्रेस विज्ञप्ति में पूरी सफलता पुलिस के खाते में दिखाई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


