स्कूल सेफ्टी ऑडिट टीम ने नौशेरा विद्यालय का किया गहन निरीक्षण
बदायूं। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन एवं विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में स्कूल सेफ्टी ऑडिट कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संविलियन विद्यालय नौशेरा, उझानी में सेफ्टी ऑडिट टीम ने पहुंचकर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
अपर मुख्य सचिव के आदेश के अनुसार जनहित याचिका संख्या 3046/2020 के संबंध में पारित उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में विद्यालयों के सेफ्टी ऑडिट के लिए बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। संस्था द्वारा चरणबद्ध तरीके से विद्यालयों का जोखिम मूल्यांकन कराया जा रहा है।
नौशेरा विद्यालय में पहुंची टीम ने भवन, कक्षों, अग्निशमन व्यवस्था, रसोई तथा आपदा की स्थिति में बचाव एवं निकासी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सिविल इंजीनियर ज्ञानेन्द्र कुमार ने विद्यालय के जर्जर कक्षों का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त कराने के लिए रिपोर्ट में उल्लेख किया। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराने के संबंध में भी कार्रवाई की गई।
फायर सर्विस से मोहम्मद तफजील ने अग्निशमन यंत्रों का परीक्षण किया तथा रसोई में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडरों की भी जांच की। आपदा प्रबंधन से षट्वदन कुमार ने आपदा के समय विद्यालय में मौजूद बच्चों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश शर्मा ने टीम को विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण पारदर्शी तरीके से कराया। वहीं डीपीएम अमर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और सेफ्टी ऑडिट टीम की जांच का जायजा लिया।
टीम ने विद्यालय स्टाफ द्वारा बताई गई समस्याओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जिन कमियों में तत्काल सुधार संभव है, उनके लिए प्रधानाध्यापक को आवश्यक निर्देश दिए गए, जबकि शासन स्तर से समाधान की आवश्यकता वाले मामलों को रिपोर्ट के माध्यम से भेजा जा रहा है। टीम अपनी रिपोर्ट लखनऊ भेजेगी।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ से रजनीश शर्मा, संजीव कुमार, अफजल जहां, कामना कटियार, हिमांशु जुकारिया, दीप्ति यादव, आरती तिवारी, समस्त आंगनवाड़ी स्टाफ एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हेडलाइन के लिए:
“नौशेरा विद्यालय में स्कूल सेफ्टी ऑडिट, जर्जर कक्षों से लेकर अग्निशमन व्यवस्था तक हुई जांच”
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


