बदायूं
उझानी के अशर्फी देवी कॉलेज में तंबुओं का शहर, मां दुर्गा कंपनी बनी ओवरऑल चैंपियन।
उझानी (बदायूं) 23 सितंबर।
नगर के अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का रंगारंग समापन हो गया। छात्राओं ने विद्यालय परिसर में तंबुओं का शहर बसाया और कैंपफायर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मचा दी। सीनियर वर्ग में मां दुर्गा कंपनी ने बाजी मारते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या वीरू सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बालिकाएं अपनी अद्भुत क्षमता को पहचानें और अपनी शक्ति को सृजन के कार्य में लगाएं।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि श्रेष्ठ ज्ञान से राष्ट्र का मस्तक ऊंचा करें बालिकाएं। अपने कर्तव्यों और अधिकारों को जानें और अपनी सामर्थ्य को राष्ट्रहित में लगाएं।
निर्णायक के रूप में शिक्षिका सरिता शर्मा, इच्छा तिवारी, राजकुमारी पाल रहीं। जूनियर वर्ग में पार्वती कंपनी प्रथम, रानी लक्ष्मीबाई द्वितीय और मां सरस्वती कंपनी तृतीय रही। सीनियर वर्ग में मां दुर्गा कंपनी प्रथम, श्री राधा कृष्ण कंपनी द्वितीय और भारत माता व मां सरस्वती कंपनी तृतीय स्थान पर रहीं।
मां संतोषी, मां काली, धरती माता, मीराबाई कंपनी को सांत्वना पुरस्कार मिला। विजेता टीमों को प्रधानाचार्या वीरू, वसीम निगहत खानम और रंजू कुमारी ने सम्मानित किया।
गाइड कैप्टन रजनी कुमारी और प्रेमलता शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर मुस्कान शर्मा, शालिनी वार्ष्णेय, गुंजन गुप्ता, पूजा चौहान, रोहिल्ला नाज, श्यामा शर्मा, शिल्पी गुप्ता, अमीर बानो, सुषमा तिवारी आदि मौजूद रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


