बदायूं
उझानी में मीट दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, लाइसेंस पर काट रहे थे मुर्गा-बकरा, हड़कंप।
उझानी (बदायूं) 23 सितंबर।
नगर में अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों पर आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। पशु प्रेमी की हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को नगर में औचक छापेमारी की। कार्रवाई से मीट विक्रेताओं में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकान बंद कर भाग गए।
मोहल्ला श्रीनारायण गंज निवासी पशु प्रेमी प्रखर अग्रवाल पुत्र नीरज अग्रवाल ने 24 मई 2026 को हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। आरोप था कि नगर उझानी में मुर्गा और बकरा मीट विक्रेताओं के पास केवल मीट बेचने का लाइसेंस है, काटने का नहीं। लेकिन खाद्य विभाग की लापरवाही से सभी विक्रेता अपनी दुकानों में ही जानवर काटकर बेच रहे हैं, जो पूरी तरह गैर कानूनी है।
याचिका पर सुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद उझानी ने कोर्ट में लिखित रिपोर्ट देकर कहा था कि नगर में मुर्गा-बकरे की मीट की कोई दुकान ही नहीं है। पालिका के इस झूठे जवाब के बाद मामला और गरमा गया।
इसी क्रम में आज बदायूं से आए खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंकर लाल बिंदु ने अपनी टीम के साथ नगर की मीट दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि विक्रेताओं के पास स्लॉटर हाउस से मीट लाकर बेचने का लाइसेंस है, दुकान में काटने का नहीं।
एफएसओ शंकर लाल बिंदु ने सभी मीट विक्रेताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में कोई भी दुकान के अंदर जानवर काटता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आज चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही नगर के अधिकांश मीट व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए।
राजेश वार्ष्णेय एमके


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


