2:02 pm Wednesday , 23 September 2026
BREAKING NEWS

तहसीलदार समेत 8 पर कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज…………….

तहसीलदार समेत 8 पर कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज, फर्जी आधार कार्ड बनाकर करोड़ों की जमीन हड़पी

सहसवान। तहसील सहसवान में राजस्व विभाग और भूमाफिया गठजोड़ का बड़ा घोटाला सामने आया है। ग्राम पंचायत सुजावली में लावारिस और मृतक खातेदारों की जमीनों को फर्जी आधार कार्ड के सहारे हड़पने के मामले में कोर्ट सख्त हुआ है। न्यायालय श्रीमान CJM बदायूँ के आदेश पर थाना सहसवान में तत्कालीन तहसीलदार हरीश चंद्र समेत 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

थाना सहसवान में दर्ज FIR संख्या 0493/2026 दिनांक 22-09-2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की गंभीर धाराओं 318(4) धोखाधड़ी, 336(3), 337, 338, 340(2) जालसाजी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उसका असली के रूप में प्रयोग करने के तहत पंजीकृत हुई है।

SSP ने नहीं सुनी तो प्रधान पहुंचा कोर्ट

मामले के वादी ग्राम प्रधान ब्रह्मचारी पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी सुजावली प्रधान का आरोप है कि उन्होंने 28 अक्टूबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ को पूरे साक्ष्यों के साथ प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन थाने से लेकर कप्तान तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंत में उन्हें न्यायालय में धारा 173(4) BNSS के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल करना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर ही अब जाकर मुकदमा दर्ज हो सका है।

तहसीलदार-लेखपाल बने भूमाफियाओं के संरक्षक

FIR में सबसे गंभीर आरोप तत्कालीन तहसीलदार हरीश चंद्र, तत्कालीन नायब तहसीलदार अनगराज और क्षेत्रीय लेखपाल अछेलाल पर है। प्रधान का कहना है कि इन अधिकारियों की सांठ-गांठ के बिना फर्जी बैनामों का दाखिल-खारिज हो ही नहीं सकता था। इन लोगों ने भूमाफियाओं के फर्जी बैनामों पर आंख बंद करके दाखिल खारिज कर दिया।

इनके साथ आरोपी कुंवरपाल पुत्र रूपराम, लाला राम, नेत्रपाल और लाला राम उर्फ लालू भी नामजद हैं।

कैसे होता था खेल? चार मामलों का जिक्र FIR में

पहला खेल – मरे हुए को जिंदा दिखाया: मौजा पावड पुख्ता में गाटा संख्या 966/0.020, 967/0.537, 975/0.080 हेक्टेयर जमीन लावारिस पड़ी थी। खातेदार राजपाल पुत्र हरनाम गांव छोड़ चुके थे। आरोपी कुंवरपाल ने राजपाल का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर खुद को राजपाल बनकर 28-07-2022 को अपनी पत्नी रामसनेही के नाम बैनामा करा लिया। इस बैनामे को सिविल जज जूनियर डिवीजन सहसवान ने मूलवाद संख्या 219/2022 में दिनांक 25-02-2025 को निरस्त भी कर दिया था, लेकिन आरोपियों ने फिर उसी जमीन का दूसरा फर्जी बैनामा करा दिया।

दूसरा खेल – मृतक की जमीन हड़पी: गाटा संख्या 1070/0.417 और 1067/0.066 की जमीन के मालिक भूपाल पुत्र डल्ली की मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि आरोपी लाला राम उर्फ लालू ने भूपाल का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर किसी दूसरे व्यक्ति को भूपाल बनाकर खड़ा कर दिया और उसकी जमीन का बैनामा करा लिया। जब क्रेता को सच्चाई पता चली तो उसने खुद न्यायालय में बैनामा निरस्त करने के लिए वाद संख्या 250/2025 दायर किया है।

तीसरा और चौथा खेल – मेन रोड की कीमती जमीन आरोप है कि अरजी ग्राम हरदत्तपुर
गाटा संख्या 11 जमीन स्थित मोहल्ला अकबराबाद मेन रोड पर स्थित कीमती जमीन राधेश्याम पुत्र दुर्गाप्रसाद की जमीन को फर्जी आधार कार्ड बनवाकर लालू उर्फ लालाराम ने अपनी पुत्रवधु श्रीमती रामा देवी पत्नी धर्मेन्द्र यादव के नाम फर्जी दस्तावेज से बैनामा रजिस्ट्री करा दी

फिलहाल पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर NCRB के तहत विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से सहसवान तहसील के राजस्व महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

विज्ञापन एक्सप्रेस