7:55 am Wednesday , 23 September 2026
BREAKING NEWS

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले राजीव कुमार गुप्ता, विधायकों के साथ बदायूं के विकास के मुद्दों पर की चर्चा

23 सितंबर 2026

बदायूं के विकास को नई गति देने वाले विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, शीघ्र बदायूं आने का मिला आश्वासन : राजीव कुमार गुप्ता

मेडिकल कॉलेज, कछला पर्यटन स्थल, ट्रॉमा सेंटर और स्पोर्ट्स कॉलेज को लेकर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा : राजीव कुमार गुप्ता

बदायूं की विकास प्राथमिकताओं से मुख्यमंत्री को कराया अवगत, विभिन्न परियोजनाओं पर की बात : राजीव कुमार गुप्ता

लखनऊ :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज उनके 5, कालिदास मार्ग स्थित आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के साथ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य एवं बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य ने बदायूं के विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दों को लेकर भेंट की।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री के समक्ष राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं की व्यवस्थाओं को और बेहतर एवं सुचारू किए जाने का विषय प्रमुखता से रखा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सा सेवाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा जनपदवासियों को उपचार के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कछला पर्यटन स्थल के विकास से जुड़े विषय को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि कछला पर्यटन स्थल के पार्ट-वन की स्वीकृति हो चुकी है, जबकि पार्ट-बी बदायूं की ओर प्रस्तावित है। उन्होंने बदायूं की ओर प्रस्तावित पार्ट-बी के कार्य को भी शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया, ताकि कछला को विकसित पर्यटन स्थल के रूप में और बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष ने गंगा एक्सप्रेसवे के निकट ट्रॉमा सेंटर की स्थापना का विषय रखते हुए बताया कि एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ इस क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सड़क के दोनों ओर आवश्यक फेंसिंग/सुरक्षा जाली लगाए जाने का भी आग्रह किया, ताकि आवारा पशुओं की एक्सप्रेसवे पर आवाजाही को रोका जा सके और सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने दातागंज में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से जुड़े विषय पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की और इसे क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही उन्होंने बदायूं में जेल की खाली पड़ी भूमि पर जनसुविधा एवं हरित क्षेत्र के रूप में पार्क विकसित किए जाने का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

इस दौरान जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बदायूं आगमन का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह पर सहमति व्यक्त करते हुए शीघ्र बदायूं आने की बात कही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता एवं सभी विधायकों द्वारा रखे गए विभिन्न विषयों को गंभीरता से सुना तथा जनपद के विकास एवं जनहित से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस