11:39 pm Tuesday , 22 September 2026
BREAKING NEWS

अतिरिक्त कार्यभार के बहिष्कार पर लेखपालों ने जमा किए बस्ते

बिल्सी। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर तहसील के लेखपालों ने मंगलवार को अतिरिक्त कार्यभार का बहिष्कार शुरू कर दिया। लेखपालों ने मूल तैनाती के अलावा सौंपे गए अतिरिक्त कार्यों से संबंधित बस्ते तहसील स्थित आरके कार्यालय में जमा कर दिए। इससे राजस्व विभाग के अतिरिक्त कार्य प्रभावित होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि प्रांतीय संगठन के निर्देश पर तहसील के सभी लेखपालों ने अतिरिक्त कार्यभार का बहिष्कार किया है। उन्होंने कहा कि लेखपालों को मूल तैनाती के साथ कई अन्य क्षेत्रों और कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है। इससे काम का बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि संघ लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर सरकार और विभाग से वार्ता कर रहा है। प्रांतीय संगठन के निर्देश के बाद अब लेखपाल मूल तैनाती से संबंधित कार्य ही करेंगे। मांगें पूरी होने तक अतिरिक्त कार्यभार से जुड़े कार्य नहीं किए जाएंगे। इस दौरान सूरज कुमार भारती, हरिओम सिंह, राजेंद्र सिंह, ओमेंद्र सिंह, सुनील शाक्य, राघवेंद्र सिंह, बसंतराम शर्मा, विनोद कुमार सिंह और दुर्गेश कुमार आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस