कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के आंवला-बदायूं मार्ग पर ललेई और बादल गांव के बीच मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बादल निवासी छविराम पुत्र सोवरन सिंह (32) अपने दोस्त ब्रजभान निवासी ललेई को बाइक से उसके गांव छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ललेई और बादल गांव के बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बाद में कंटेनर को कुंवरगांव थाने के बाहर खड़ा कर चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इधर, दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


