


कुशल नेतृत्व और योजनाबद्ध कार्यशैली से विद्यालय को बनाएं बेहतर: प्राचार्य राकेश कुमार
बदायूँ। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों हेतु आयोजित तीन दिवसीय ‘समर्थ मॉड्यूल’ आधारित प्रशिक्षण शिविर के तृतीय चरण का विधिवत समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों से प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य राकेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण में सीखे गए कौशलों को धरातल पर उतारकर विद्यालयों की व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाएं। उन्होंने जोर दिया कि प्रधानाध्यापक अपने नेतृत्व कौशल से विद्यालय का वातावरण बच्चों के अनुकूल बनाएं, पत्रावलियों व अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखें और तनावमुक्त होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि एक कुशल लीडर की तरह सभी सहयोगी शिक्षकों को साथ लेकर निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को प्राप्त करें।
प्रशिक्षण नोडल डॉ. अमिता सिंह ने कहा कि समर्थ मॉड्यूल आधारित प्रशिक्षण से विद्यालयों के समग्र प्रबंधन में व्यापक सुधार आएगा और प्रधानाध्यापक योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए बेहतर परिणाम हासिल कर सकेंगे।
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रधानाध्यापकों के दायित्व बोध और समय-समय पर नवीन विधाओं से अद्यतन रहने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
तीन दिवसीय सत्रों में इन मुख्य विषयों पर हुआ मंथन:
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं प्री-टेस्ट के साथ हुई। इसके उपरांत संदर्भदाता प्रभात कुमार ने ‘प्रधानाध्यापक की भूमिका’, राजवीर सिंह ने ‘संसाधन प्रबंधन’, प्रभाकर सक्सेना ने ‘अंतर-विभागीय समन्वय’ तथा अनुज सक्सेना ने ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलबीइंग’ विषय पर व्याख्यान व गतिविधियां आयोजित कीं।
द्वितीय दिवस के सत्रों में फरहत हुसैन ने ‘सामुदायिक सहभागिता’, आमिर फारूक ने ‘विद्यालय उन्नयन’, राजीव जौहरी ने ‘वित्तीय कार्य एवं प्रबंधन’ तथा अजीत रस्तोगी ने ‘कुशल नेतृत्वकर्ता’ के गुणों पर सारगर्भित प्रशिक्षण दिया।
अंतिम दिन प्रभाकर सक्सेना ने ‘प्रारंभिक हस्तक्षेप की भूमिका’, अनुज सक्सेना ने ‘मानसिक स्वास्थ्य परामर्श एवं प्रबंधन’ तथा राजवीर सिंह ने ‘मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं चर्चा’ पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
अंतिम सत्र में प्रतिभागियों का पोस्ट-टेस्ट लिया गया तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रशिक्षण का औपचारिक समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मो0राशिद कादरी,कुंवरसेन,कामरान, ज़ीशान,डॉ0जुगल किशोर,डॉ0दीपिका सिंह,सचिन सक्सेना,परवेज़ अनवर,बी पी गौतम,वीरेन्द्र यादव,राजीव शर्मा,राधेश्याम, सादिक़ अली,बबिता बब्बर,पुष्पांजलि, विवेक जैन,रामगोपाल,सुधीर यादव,कंचन सक्सेना,अशोक कुमार,प्रवीण कुमार,फरहा अबरार,ब्रजेश यादव उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


