12:41 pm Tuesday , 22 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में भूमाफिया का कहर, लेखपाल पर रिश्वत लेकर झूठी रिपोर्ट लगाने का आरोप, केंद्रीय मंत्री से लगाई गुहार।

बदायूं में भूमाफिया का कहर, लेखपाल पर रिश्वत लेकर झूठी रिपोर्ट लगाने का आरोप, केंद्रीय मंत्री से लगाई गुहार।

बदायूं 22 सितंबर ।

जनपद बदायूं के विकास खण्ड कादरचौक के ग्राम बौंदरी में एक किसान अपनी ही जमीन के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। भूमाफियाओं ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जे की नियत से ईंटें लगा दीं हैं और भूसा की भूर्जी बना ली है। पीड़ित ने जब इसकी शिकायत की तो हल्का लेखपाल ईसामुद्दीन पर ही रिश्वत लेकर भूमाफिया के पक्ष में झूठी आख्या लगा देने का गंभीर आरोप लगा है।

मामला गाटा संख्या 439 रकबा 0.0840 हेक्टेयर का है।

प्रार्थी यज्ञदेव मिश्रा पुत्र महेश्वर दयाल निवासी ग्राम बौंदरी ने केंद्रीय राज्य मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता भारत सरकार माननीय बी.एल. वर्मा जी को शिकायती पत्र देकर बताया है कि गाटा संख्या 439 पर वह वर्तमान में काबिज है, जो बंजर पड़ी है। इसी जमीन पर गांव के ही टीकाराम पुत्र पन्नालाल व उसके पुत्रों ने बिना किसी बैनामा के भू-माफियाओं की तरह ईंटें लगाकर कब्जा करना चाहा।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इसकी शिकायत की तो क्षेत्रीय लेखपाल ईसामुद्दीन ने झूठी आख्या लगा दी कि प्रार्थी के भतीजे अरविन्द्र कुमार ने जमीन को टीकाराम को बेच दिया है। जबकि प्रार्थी का कहना है कि जब उसके भतीजे अरविन्द्र कुमार के नाम उक्त गाटा संख्या है ही नहीं तो उसने टीकाराम को बेच कैसे दिया? उसका कोई बैनामा भी लेखपाल नहीं दिखा पाया।

पीड़ित यज्ञदेव मिश्रा ने आरोप लगाया कि लेखपाल ने टीकाराम से अवैध धनराशि प्राप्त कर उसके पक्ष में झूठी रिपोर्ट लगाई है। पीड़ित ने मांग की है कि उसकी भूमि पर टीकाराम द्वारा रखी गई ईंटें, भूसा आदि हटवाकर उसे कब्जा दिलाया जाए और दोषी लेखपाल व भूमाफिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

पीड़ित ने बताया कि अधिकारियों द्वारा केवल कागजी कार्रवाई की जा रही है, जमीनी कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे उसे अपनी भूमि का कब्जा लेने में काफी मुश्किल हो रही है।

शिकायती पत्र पर एसडीएम ने निशान लगाते हुए लिखा है – आवश्यक कार्रवाई कर आख्या प्रेषित करे क्षेत्रीय लेखपाल / तहसीलदार जिला बदायूं को प्रेषित किया गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस