11:50 am Tuesday , 22 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बिजली कटौती का फरमान, उपभोक्ता परेशान – 10 बजे दी सूचना, ग्रुप में सिर्फ 526 लोग।

बदायूं

उझानी में बिजली कटौती का फरमान, उपभोक्ता परेशान – 10 बजे दी सूचना, ग्रुप में सिर्फ 526 लोग।

क्षमता वृद्धि के नाम पर आज 5 घंटे बंद रहेंगे देहात और शहर के 3 फीडर, सवाल- ये काम कल क्यों नहीं हुआ?

उझानी (बदायूं) 22 सितंबर।

उझानी बिजलीघर पर क्षमता वृद्धि का काम जरूरी है, लेकिन विभाग के सूचना तंत्र ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अवर अभियंता दीपक कुमार ने आज सुबह 10 बजे टाउन फीडर के व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज डालकर बताया कि आज 4 से 5 घंटे तक बिजली बंद रहेगी।

सवाल यह है कि जब प्लिंथ निर्माण जैसा पहले से तय काम था, तो यह सूचना कल प्रसारित क्यों नहीं की ? आज कामकाजी दिन में देहात के सभी फीडर और शहर के फीडर नंबर 1, 3 और 4 बंद होने से हजारों उपभोक्ताओं के सामने पानी भरने से लेकर रोजमर्रा के कामों का संकट खड़ा हो गया है।

सबसे बड़ी लापरवाही प्रचार-प्रसार को लेकर है। शहर का हर उपभोक्ता टाउन फीडर ग्रुप से नहीं जुड़ा है। ग्रुप में बिजली कर्मचारियों को मिलाकर कुल 526 लोग ही जुड़े हैं, जबकि प्रभावित होने वाले उपभोक्ताओं की संख्या हजारों में है। ऐसे में सुबह 10 बजे दी गई यह सूचना कितने लोगों तक पहुंची, यह बड़ा सवाल है।

बिजलीघर पर पुराने 66 केवी ट्रांसफार्मर को हटाकर नया 33 केवी / 5 MVA ट्रांसफार्मर लगाने के लिए चबूतरा बनाया जाना है। काम जरूरी है, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग को कम से कम एक दिन पहले मुनादी और अन्य माध्यमों से सूचना देनी चाहिए थी, ताकि लोग पहले से अपना इंतजाम कर सकें।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस