11:51 am Tuesday , 22 September 2026
BREAKING NEWS

गंगा में डूबे रामू का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं, SDRF को पेट्रोल न मिलने पर परिजनों का हंगामा; लेखपाल पर अभद्रता का आरोप

बदायूं

गंगा में डूबे रामू का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं, SDRF को पेट्रोल न मिलने पर परिजनों का हंगामा; लेखपाल पर अभद्रता का आरोप

केशव गुप्ता

उसहैत। थाना उसहैत क्षेत्र के दल नगला गांव में गंगा नदी में डूबे रामू (पेशकार के बेटे) का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। युवक की तलाश में SDRF की टीम जुटी हुई है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पर्याप्त पेट्रोल नहीं मिलने के कारण सर्च ऑपरेशन प्रभावित हो रहा है।
परिजनों के मुताबिक, SDRF टीम को पेट्रोल की जरूरत थी। इसे लेकर उन्होंने लेखपाल अमित कुमार से संपर्क कर ईंधन की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस दौरान लेखपाल ने परिजनों के साथ कथित तौर पर अभद्रता की। परिजनों का कहना है कि मदद मिलने के बजाय उन्हें कथित रूप से खराब व्यवहार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद परिवार ने अपने स्तर से करीब 20 लीटर पेट्रोल की व्यवस्था की। परिजनों का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से रामू की तलाश के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। इससे परिवार में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
परिजनों ने प्रशासन से SDRF टीम को पर्याप्त ईंधन और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने तथा सर्च ऑपरेशन तेज करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक रामू का पता नहीं चलता, तब तक तलाश अभियान को पूरी क्षमता के साथ जारी रखा जाए।
परिवार ने प्रशासन से रामू को जल्द से जल्द तलाश कर परिजनों तक पहुंचाने की गुहार लगाई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस