बदायूं
बदायूं में माध्यमिक शिक्षकों का तीन दिवसीय ‘कवच’ प्रशिक्षण संपन्न।
मॉक ड्रिल और सुरक्षा-संरक्षा के गुर सिखाए, शिक्षकों को मिले प्रमाण पत्र
बदांयू 21 सितंबर।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बदायूं में चल रहे माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का समापन सोमवार को हो गया।
प्रशिक्षण की नोडल गीता सिंह ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “कवच” प्रशिक्षण शिक्षकों को जीवन में सुरक्षा-संरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए है, ताकि धरातल पर छात्र-छात्राओं को भी इसके लिए तैयार किया जा सके।
प्रशिक्षण प्रभारी अमित कुमार शर्मा ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अभिभावकों को भी सुरक्षा कवच के बारे में जानकारी देकर समाज को सुरक्षा-संरक्षा के प्रति जागरूक करें।
समापन अवसर पर प्राचार्य राकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय को भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने के लिए हर एक-दो माह में मॉक ड्रिल कराते रहना चाहिए, जिससे बच्चों में आपदा का सामना करने की क्षमता विकसित हो सके। इसके बाद प्राचार्य द्वारा सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
तीनों दिवसों में शिक्षकों को हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन और ध्यान सत्रों का अभ्यास भी कराया गया। बताया गया कि इससे मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनकर तनावमुक्त जीवन जिया जा सकता है। जब व्यक्ति तनाव में होता है, तभी सावधानी हटती है और दुर्घटना घटती है।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग, महिला कल्याण विभाग और साइबर क्राइम सेल के विशेषज्ञों द्वारा भी प्रशिक्षण दिया गया। सभी संदर्भदाताओं ने सड़क सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, साइबर क्राइम, बाल श्रम, विभिन्न आपदाओं और विद्यालय स्तर पर स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा की।
इस अवसर पर संदर्भदाता अनुज सक्सेना, मनीष कुमार, लाखन सिंह, अम्बिका, देवेंद्र पाल, विजय कौशिक, विवेक शुक्ला आदि मौजूद रहे।
।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


