7:05 pm Monday , 21 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत

मायके वालों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप, ससुराल वालों ने बीमारी से मौत बताई
बदायूं में कादरचौक थाना क्षेत्र के कैथोला गांव में रविवार आधी रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब 6 बजे मायके वालों को घटना की जानकारी मिली।

सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं ससुराल वालों ने पेट में दर्द के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत होने की बात कही है।

2025 में हुई थी शादी

कैथोला गांव निवासी ओमेंद्र की 24 साल की पत्नी विनीता की अचानक मौत हो गई। सूचना मिलने पर उसहैत थाना क्षेत्र के रिजोला गांव से उसके मायके वाले मौके पर पहुंचे। विनीता के पिता महराज ने बताया- उन्होंने बेटी की शादी 28 जून 2025 को ओमेंद्र से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले बाइक की मांग कर रहे थे।

1.72 लाख रुपए देने के बाद भी मांग का आरोप

महराज के मुताबिक, उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर पिछले महीने ही ससुराल वालों को 1.72 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद बाइक की मांग पूरी नहीं हुई। महराज का आरोप है कि इसी बात को लेकर विनीता के साथ मारपीट की गई।

गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं, ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि विनीता के पेट में दर्द था। उसे दवाई दी गई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने विनीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस