4:19 pm Monday , 21 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर गड्ढों का जाल, युवा व्यापारी नेता ने CM पोर्टल पर की शिकायत।

बदायूं

उझानी में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर गड्ढों का जाल, युवा व्यापारी नेता ने CM पोर्टल पर की शिकायत।

डेढ़ साल से अधूरा पड़ा है PWD का काम, स्कूली बच्चे और ई-रिक्शा चालक हो रहे हादसों का शिकार।

उझानी, बदायूं 21 सितंबर ।

नगर में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क चौड़ीकरण के नाम पर की गई अधूरी खुदाई अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। इसी को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश संयुक्त महामंत्री अभिनव सक्सेना ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में अभिनव सक्सेना ने बताया कि PWD ने नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व शुरू किया था। कार्य के दौरान नगर की अधिकांश सड़कों को दोनों तरफ से खोदकर ऐसे ही छोड़ दिया गया। आरोप है कि विभाग ने इस कार्य का ठेका कोतवाली सहसवान निवासी मैसर्स ए आर कंस्ट्रक्शन को दिया था, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया।

सक्सेना ने कहा कि इन खुले गड्ढों में गिरकर आए दिन आम नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में जलभराव होने से हादसे का खतरा और भी बढ़ जाता है। उन्होंने शासन से मांग की है कि सड़कों में कराए गए गड्ढों को जल्द से जल्द सही कराया जाए।

इस संबंध में PWD के एई रोहन सिंह ने बताया कि पहले कांवड़ यात्रा और फिर बारिश की वजह से काम रोक दिया गया था। अब जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस