बदायूं में खेत पर खाना ले जा रही युवती से मारपीट, सिर में गंभीर चोट।
बिल्सी थाने में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, मेडिकल के बाद पुलिस ने शुरू की जांच।
बिल्सी बदांयू 21 सितंबर।
थाना बिल्सी क्षेत्र के एक गांव में खेत पर खाना लेकर जा रही युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परौली गांव निवासी ओमपाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 15 सितंबर को रात करीब 8 बजे उसकी बेटी सलोनी घर से खेत पर खाना लेकर जा रही थी। रास्ते में गांव में ही रामचन्द्र के मकान के पास गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी नहीं माना।
आरोप है कि इसी कहासुनी में गांव के ही तेजपाल, कढ़े और अजयपाल ने एक राय होकर युवती के साथ लात-घूंसे और लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट में युवती के सिर में गंभीर चोट आई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजन घायल युवती को लेकर बिल्सी अस्पताल पहुंचे, जहां उसका मेडिकल कराया गया। इलाज के बाद पीड़िता के पिता ने 20 सितंबर को थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक बिल्सी मनोज कुमार के आदेश पर मामले में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


