7:13 pm Sunday , 20 September 2026
BREAKING NEWS

नवीगंज में सजी काव्य की महफिल, रचनाओं ने बांधा समां कवियों ने देशप्रेम, इंसानियत और सामाजिक सरोकारों पर सुनाईं रचनाएं, तालियों से गूंजा पंडाल

बदायूं

नवीगंज में सजी काव्य की महफिल, रचनाओं ने बांधा समां
कवियों ने देशप्रेम, इंसानियत और सामाजिक सरोकारों पर सुनाईं रचनाएं, तालियों से गूंजा पंडाल

केशव गुप्ता

नवीगंज। मंदाकिनी साहित्य मंच उसावां के तत्वावधान में रविवार को नवीगंज में ओज कवि आदेश प्रताप सिंह के आवास पर वृहद काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर तक चले काव्य पाठ के दौरान साहित्यप्रेमियों ने तालियों से कवियों का उत्साहवर्धन किया।
गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि महेश अग्निमुख ने की, जबकि संचालन ओज कवि आदेश प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ रश्मिरति यादव की सरस्वती वंदना से हुआ। ओज कवि संतोष सिंह ने अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं में उत्साह का संचार किया।
शायर अब्दुल बहाव आजाद ने देशप्रेम से ओत-प्रोत नज़्म “भारत है मेरा नाम, मैं दुनिया से निराला” प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। नंदकिशोर पाठक ने बदलते सामाजिक परिवेश और इंसानियत के सवालों को अपनी रचना के माध्यम से उठाया। वहीं आदेश प्रताप सिंह ने “अब तो बहती सदा प्रेम गंगा रहे, धर्म-मजहब में न कोई दंगा रहे…” जैसी पंक्तियों के माध्यम से आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
इसके अलावा जगपाल जग, अमित अम्बर, मुशीर अहमद मुशीर, अनीश कल्ब और रामनरेश यादव ने भी अपनी-अपनी रचनाओं का काव्यपाठ किया। कवियों ने देशप्रेम, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और समसामयिक विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत कर गोष्ठी को विविध रंगों से भर दिया।
समापन अवसर पर धर्मा सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने सभी कवियों और शायरों को सम्मानित किया। उन्होंने साहित्य और काव्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस