बदायूं
पुरानी रंजिश में महिला को घर में घुसकर पीटा, कपड़े फाड़े, चाकू से किया हमला – कोर्ट के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत।
मुजरिया बदांयू 20 सितंबर।
थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव ज्योरापारवाला में पुरानी कहासुनी को लेकर एक महिला के साथ बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5 लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से महिला को उसके घर में घुसकर आधे घंटे तक पीटा और बेहोश होने तक छोड़कर भाग गए। पीड़िता का आरोप है कि डायल 112 और थाना पुलिस ने न तो मेडिकल कराया और न ही तहरीर ली। अब पीड़िता ने न्यायालय में BNSS की धारा 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी माया देवी उम्र 45 वर्ष पत्नी कृपाल निवासी ग्राम ज्योरापारवाला, थाना मुजरिया की रहने वाली हैं। परिवार के लोग बाहर मेहनत मजदूरी करते हैं और वह घर पर अकेली रहती हैं।
आरोप है कि दिनांक 14 अगस्त की शाम पुरानी कहा-सुनी को लेकर पड़ोस की आरती पत्नी बब्लू उनके दरवाजे पर आकर गंदी-गंदी गालियां देने लगी। विरोध करने पर आरती, संजू, विट्टू पुत्रगण मोर सिंह व भगवान देवी पत्नी मोर सिंह और बब्लू पुत्र रामचन्द्र निवासीगण ज्योरापारवाला ने एकराय होकर हाथों में नाजायज लाठी-डंडे, चाकू व लोहे की रॉड लेकर घर में घुसकर मां-बहन की गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि बब्लू, संजू व विट्टू ने अश्लीलता करते हुए बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और हाथ पर चाकू से वार कर कपड़े फाड़ दिए। करीब आधा घंटा तक मारपीट कर जब वह बेहोश हो गई तब आरोपी छोड़कर भाग गए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दबंग व बदमाश किस्म के हैं, जिस कारण मोहल्ले का कोई बचाने नहीं आया। चेहरे, सिर व हाथ में गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता के मुताबिक डायल 112 मौके पर पहुंची लेकिन न तो उसे अस्पताल पहुंचाया और न ही तहरीर ली। होश में आने के बाद वह थाना मुजरिया गई तो पुलिस ने कांवड़ ड्यूटी का बहाना कर तहरीर लेने और मेडिकल के लिए मजुरूबी चिट्ठी देने से इंकार कर दिया और कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद आने को कहकर टहला दिया।
15 अगस्त को छुट्टी होने के कारण मेडिकल नहीं हो सका। 16 अगस्त को जिला चिकित्सालय बदायूं में मेडिकल परीक्षण कराया। 17 अगस्त को जनसुनवाई पोर्टल पर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को प्रार्थना पत्र भेजा, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस पर मजबूर होकर पीड़िता ने दिनांक 24 अगस्त को माननीय न्यायालय JM Ist महोदय बदायूं में प्रकीर्णवाद प्रार्थना पत्र दाखिल कर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना कराने की मांग की है। कोर्ट के आदेश पर मुजरिया पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


