बदायूं
तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने बाइक में मारी टक्कर, बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल।
मुजरिया बदायूँ 20 सितंबर।
थाना मुजरिया क्षेत्र में कछला-मुजरिया रोड पर तेज रफ्तार व लापरवाही का कहर देखने को मिला। फकीराबाद चौराहे पर सामने से आ रही एक कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गंगापुर शुकुल्लापुर थाना सहसवान निवासी संजय पुत्र धनवीर ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि 18 सितंबर को शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उसके पिता धनवीर पुत्र बाबूराम और उसके मौसा अजब सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी नयागांव थाना सहसवान दोनों बाइक से कछला से मुजरिया होते हुए गांव आ रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम फकीराबाद चौराहे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार के चालक जगसरण सिंह पुत्र भूप सिंह निवासी गुदड़ी बिहार, सेक्टर-6 जिला मुरादाबाद ने तेज व लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज बदायूँ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धनवीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजब सिंह की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बदायूँ रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रार्थी संजय के अनुसार, इस पूरी घटना को उसके चाचा जगवीर पुत्र बाबूराम और गांव के ही देवेन्द्र सिंह पुत्र लटूरी सिंह ने देखा है, जो कछला से एक दाह संस्कार से लौट रहे थे।
पिता का पोस्टमार्टम हो चुका है। प्रार्थी की तहरीर पर थाना मुजरिया पुलिस ने कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


