5:22 pm Sunday , 20 September 2026
BREAKING NEWS

बिसौली तहसील परिसर में महिला और बेटी को पीटा, दामाद और समधी पर आरोप, रिपोर्ट दर्ज।

बदायूं

बिसौली तहसील परिसर में महिला और बेटी को पीटा, दामाद और समधी पर आरोप, रिपोर्ट दर्ज।

बिसौली (बदायूं) 20 सितंबर।

तहसील परिसर में दिनदहाड़े जमीन के काम से आई एक महिला और उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली बिसौली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पीड़िता श्रीमती गीता देवी निवासी ग्राम मियापुर दियोरा, थाना इस्लामनगर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में अपनी बड़ी बेटी बाबी की शादी ग्राम सुंदरनगर, थाना अलापुर निवासी अंकित प्रताप उर्फ अंकित पुत्र बदन पाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी के बाद से ही विवाद चल रहा है।

महिला का आरोप है कि 21 अप्रैल 2025 को उसका दामाद अंकित उसके गांव मियापुर दियोरा से उसकी छोटी बेटी शिखा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में थाना इस्लामनगर में 1 मई 2025 को मु0अ0सं0 91/25 धारा 137(2) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत हो चुका है। वर्तमान में पीड़िता की बड़ी बेटी बाबी अपने 6 साल के बेटे लव्यांश के साथ अपनी मां के पास ही रह रही है।

पीड़िता के अनुसार 10 सितंबर 2026 को वह अपनी बड़ी बेटी बाबी के साथ तहसील बिसौली में जमीन संबंधी कार्य से आई हुई थी। दोपहर करीब 2 बजे तहसील परिसर में ही दामाद अंकित, समधी बदन पाल और छोटी बेटी शिखा मिल गए। देखते ही तीनों ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं।

विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों व डंडों से बेरहमी से पीटा। चीख-पुकार सुनकर बड़ी बेटी बाबी मां को बचाने दौड़ी तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।

मारपीट में मां-बेटी दोनों के शरीर पर जगह-जगह गंभीर गुम चोटें आई हैं। आरोप है कि जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद से वह अपनी बेटी के साथ चोटों का इलाज करा रही थी, जिसके कारण तहरीर देने में देरी हुई। 19 सितंबर को वह कोतवाली बिसौली पहुंची और प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस