बदायूं
बिल्सी: चारा उठाने से मना करने पर दलित युवक से मारपीट, घर में घुसकर 2 साल की बच्ची समेत परिवार को पीटा।
बिल्सी, बदांयू 20 सितंबर।
थाना बिल्सी क्षेत्र के गांव महलौली में चारा उठाने की बात को लेकर जातिसूचक गालियां देने और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित नरेशपाल पुत्र कौमिल राम जाटव ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम प्रार्थी का पुत्र विपिन कुमार अपने खेत पर जा रहा था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के शिवराज पुत्र हरपाल यादव अपने खेत पर चारा काट रहा था और उसने विपिन से चारा उठवाने को कहा। साथ ही जातिसूचक गाली दी। विरोध करने पर शिवराज ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वहां से गुजर रहे अंशुल पुत्र महेश और अवनीत पुत्र पूरन सिंह ने बीच-बचाव कराया।
आरोप है कि इसके करीब 20 मिनट बाद शिवराज पुत्र हरपाल यादव, विजेन्द्र पुत्र कर्रू यादव, अरविंद पुत्र भूरे लाल यादव और इन्द्रपाल पुत्र हरपाल यादव लाठी-डंडे लेकर पीड़ित के घर आ गए। घर में घुसकर गालियां देते हुए मारपीट की।
तहरीर में कहा गया है कि हमले में प्रार्थी की पत्नी वीरवती और गोद में मौजूद करीब 2 वर्ष की नातिन तमन्ना के सिर में गंभीर चोट आई है। परिवार के अन्य लोगों को भी गुम चोटें आई हैं। घटना का वीडियो होने का भी दावा किया गया है।
सूचना गांव के ही जितेन्द्र पुत्र पूरन सिंह ने डायल 112 पर दी। पुलिस को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
प्रार्थी ने आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में थाना बिल्सी पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। विवेचना CO बिल्सी को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


