बदायूं
कुंवरगांव में साइबर ठगी के चार मामले, बैंक खातों से हजारों रुपये कटे
व्हाट्सएप हैक कर रिश्तेदारों से मांगे जा रहे पैसे, पीड़ितों ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में साइबर ठगी और बैंक खातों से बिना अनुमति रकम निकाले जाने के चार मामले सामने आए हैं। पीड़ितों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर मामलों की जांच कराने, रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पहलादपुर निवासी साबिर अहमद पुत्र सफी अहमद ने बताया कि 18 सितंबर की रात उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 12,943.85 रुपये निकाल लिए गए। साबिर के मुताबिक उन्होंने इनमें से कोई भी लेनदेन नहीं किया। बैंक से जानकारी लेने पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली।
शिकायत के अनुसार खाते से 997.82 रुपये, 1,989.94 रुपये, 1,979.20 रुपये, 4,979.26 रुपये और 2,997.63 रुपये की रकम निकाली गई। पीड़ित ने पुलिस से जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इसी तरह वार्ड नंबर एक निवासी विकास पोरवाल ने बताया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से 18 सितंबर को बिना अनुमति 4,980 रुपये निकाल लिए गए। उनका कहना है कि उन्होंने यह लेनदेन नहीं किया।
वहीं वार्ड नंबर तीन निवासी अमन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 18 सितंबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 2,800 रुपये और 76.99 रुपये, यानी कुल 2,876.99 रुपये निकाल लिए गए। अमन के मुताबिक दोनों लेनदेन उनकी जानकारी और अनुमति के बिना हुए।
इसके अलावा वार्ड नंबर नौ निवासी अबूजर अहमद पुत्र मुन्ताज अहमद ने शिकायत में बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका व्हाट्सएप कथित तौर पर हैक हो गया। इसके बाद उनके नंबर से रिश्तेदारों और परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस से व्हाट्सएप को सुरक्षित कराने, मामले की जांच करने और साइबर ठगी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एक ही क्षेत्र में साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े चार मामले सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। पीड़ितों ने पुलिस से मामलों में जल्द कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीरों के आधार पर जांच की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


