2:21 pm Saturday , 19 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी -तीन मंजिला मकान की दो मंजिलें भरभराकर गिरीं, चार घायल।


करहल रोड के छपट्टी मोहल्ले में मची अफरा-तफरी, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे लोगों को निकाला।

मैनपुरी 19 सितंबर ।

करहल रोड स्थित मोहल्ला छपट्टी की सरदार चक्की वाली गली में शुक्रवार को एक तीन मंजिला मकान की दो मंजिलें अचानक भरभराकर गिर गईं। मकान गिरने की तेज आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के समय मकान में छह लोग मौजूद थे, जिनमें से चार लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया गया कि हादसे के वक्त एक महिला घर में खाना बना रही थी, जो मलबे में फंस गई थी। बचाव दल ने उसे भी सुरक्षित निकाल लिया।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना पर एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्य का जायजा लिया। फिलहाल मकान गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस-प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा रही।

मैनपुरी से अरूण कुमार

विज्ञापन एक्सप्रेस