


उझानी, बदायूं 19 सितंबर।
नगर के अशर्फी देवी नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज में शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भव्य ड्रॉइंग प्रदर्शनी, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विकसित, स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को अपनी कला और विचारों के माध्यम से जीवंत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा उझानी नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल और नगर उपाध्यक्ष संदीप सक्सेना शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने छात्राओं द्वारा बनाई गई ड्रॉइंग और पोस्टरों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं के विचार सुने।
छात्राओं से परिचय प्राप्त करने के बाद नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने कहा कि बेटियों की सोच ही नए भारत की दिशा तय करेगी। उन्होंने सभी छात्राओं की रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम की भावना की जमकर सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने कहीं स्वच्छ भारत, कहीं डिजिटल इंडिया तो कहीं शिक्षित और सशक्त नारी के रूप में अपने सपनों के भारत को कैनवास पर उतारा। भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने देश के प्रति अपने कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली विचार रखे।
आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


