बदायूं: डीएम अवनीश राय ने छात्रों से किया दिल से संवाद, कहा – लक्ष्य बड़ा रखो, मेहनत उससे भी बड़ी।
पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज में ज्ञान और प्रेरणा का महासंगम, डीएम की पाठशाला में मंत्रमुग्ध हुए छात्र।
बदायूं 18 सितंबर ।
जनपद के सबसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज में 18 सितंबर को एक ऐतिहासिक संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर उनके सपनों को नई उड़ान दी।
डीएम के सभागार में प्रवेश करते ही पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। सैकड़ों छात्रों की आंखों में एक ही चमक थी – अपने डीएम से, अपने हीरो से रूबरू होने की। 2014 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी अवनीश राय ने मंच से नहीं, बल्कि छात्रों के बीच बैठकर दिल से संवाद किया।
उन्होंने कहा, “तुम बदायूं के भविष्य हो। याद रखो, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य को आसमान जितना बड़ा रखो और परिश्रम जमीन से भी ज्यादा ठोस। उन्होंने अपने छात्र जीवन से लेकर सिविल सेवा तक के संघर्षों को साझा किया, जिसे सुनकर छात्र पूरी तरह से प्रेरित नजर आए।
छात्रों ने भी बेखौफ होकर उनसे करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, तनाव प्रबंधन और सोशल मीडिया के सही उपयोग पर सवाल पूछे, जिनका डीएम साहब ने एक-एक कर बेहद सरल और व्यवहारिक अंदाज में जवाब दिया।
इस प्रेरणादायी अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती नूतन रानी ने कहा कि जिलाधिकारी का यह संवाद छात्रों के जीवन की दिशा बदल देगा, वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक लाल जी यादव ने कहा कि प्रशासन का शिक्षा के प्रति यह समर्पण वाकई काबिले-तारीफ है।
कार्यक्रम के अंत तक पूरे कॉलेज परिसर में एक ही चर्चा थी – आज डीएम साहब ने सिर्फ भाषण नहीं दिया, बल्कि हर छात्र के मन में एक नया आईएएस, एक नया डॉक्टर, एक नया इंजीनियर पैदा कर दिया है।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


