10:52 pm Thursday , 17 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी में ‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगाया जनपद

मैनपुरी में ‘आशीर्वाद के दीयों’ से जगमगाया जनपद

सेवा-सुशासन और जनकल्याण के प्रति आभार जताने के लिए सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों समेत घरों में प्रज्ज्वलित किए गए दीप

मैनपुरी 17 सितंबर ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को जनपद में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, राशन की दुकानों और नागरिकों के घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की गई। अभियान का संदेश “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” रहा।

जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने औडेन्य पड़रिया स्थित भैरों बाबा मंदिर में सेवा दिवस के अंतर्गत आयोजित महायज्ञ, हवन और भंडारा कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद उन्होंने कलक्ट्रेट स्थित लोहिया पार्क में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ दीप महोत्सव में दीप प्रज्ज्वलित किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल रोशनी का प्रतीक नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण की यात्रा के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सहभागिता इस अभियान से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लिए संचालित योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी सेवा-भाव और जनभागीदारी से जुड़ा अभियान है।

दीप जलाकर दीर्घायु की कामना

दीप प्रज्ज्वलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। साथ ही नागरिकों ने समाज कल्याण, राष्ट्र निर्माण और सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की।

जनपद के विभिन्न सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों के साथ ही लोगों ने अपने घरों में भी दीप जलाए। इससे शाम के समय कई स्थान दीपों की रोशनी से जगमगा उठे।

अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक शोभनाथ चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला प्रभारी अनिल चौधरी, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र शाक्य, भूपेंद्र यादव, करन पाल सिंह चौहान, विशाल वाल्मीकि सहित पार्टी पदाधिकारी, महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के दौरान सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े संकल्पों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।

मैनपुरी से अरूण कुमार की रिपोर्ट।

विज्ञापन एक्सप्रेस