9:05 am Wednesday , 16 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी के बड़े मेंथा कारोबारी के कोठी-गोदाम पर GST SIB का छापा, दस्तावेज जब्त

उझानी के बड़े मेंथा कारोबारी के कोठी-गोदाम पर GST SIB का छापा, दस्तावेज जब्त।

उझानी बदांयू

बरेली जीएसटी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) की टीम ने उझानी के मोहल्ला श्रीनारायणगंज निवासी मेंथा के बड़े कारोबारी मनोज गोयल की कोठी व गोदाम पर मंगलवार शाम छापा मारा।

डिप्टी कमिश्नर रोहित कुमार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम कारोबारी की कोठी पर पहुंची। कोठी के अंदर से ही गोदाम की तरफ रास्ता है, जबकि सड़क की तरफ बड़ा शटर लगाकर गोदाम का अलग गेट भी है। जिस वक्त टीम वहां पहुंची, गोदाम का शटर गिरा हुआ था, इसलिए टीम कोठी के अंदर के रास्ते से ही गोदाम तक पहुंची।

जांच के दौरान टीम ने गोदाम में प्रवेश करते ही लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने पूरी गली को घेर लिया और माल की खरीद-बिक्री व स्टॉक का मिलान किया। देर रात तक चली जांच के बाद टीम ने कई अहम दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अभिलेखों में कई खामियां मिली हैं, विस्तृत जांच के बाद ही टैक्स चोरी से पर्दा उठेगा।

सूत्रों के अनुसार इस छापेमारी के तार एक सप्ताह पहले संभल में पकड़े गए मेंथा ऑयल के ट्रक से जुड़े हैं। जीएसटी टीम ने संभल में एक ट्रक मेंथा ऑयल पकड़ा था, जिसके कागजों में हेराफेरी नजर आई थी। सहसवान निवासी चालक ने पूछताछ में टीम को बताया था कि मेंथा ऑयल उझानी से भरा गया है। तभी से जीएसटी विभाग सक्रिय हुआ और यह छापेमारी उसी का परिणाम बताई जा रही है। जीएसटी एवं जीएसटी रिटर्न में कई वर्षों से मिस-मैच की सूचना पर भी टीम नजर रखे हुए थी।

इधर, कारोबारी मनोज गोयल के छोटे भाई नितीश गोयल ने बताया कि एसआईबी का मेंथा गोदाम पर सर्वे चल रहा है।

चर्चा है कि कई साल पहले कारोबारी की मेंथा फैक्टरी में आग लग गई थी, जिसमें बड़ा नुकसान हुआ था। इसके बाद से कारोबार घर से ही संचालित किया जा रहा था। स्थानीय राज्य कर सचल दल की टीम काफी समय से गतिविधियों पर नजर रख रही थी, लेकिन सचल दल केवल सड़क पर जा रहे माल पर ही कार्रवाई कर सकती है, इसलिए मामला एसआईबी को भेजा गया था।

एसआईबी के इस छापे से उझानी के अलावा बदांयू तक बड़े मेंथा कारोबारियों में खलबली मच गई है। खबर फैलते ही कारोबारी रात भर एक-दूसरे को कॉल कर अपडेट लेते रहे, कई कारोबारियों के फोन बंद मिले।

विज्ञापन एक्सप्रेस