9:13 pm Tuesday , 15 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं

गंगा के कटान में उजड़ा कदम नगला, रैपुरा पर भी मंडरा रहा खतरा

केशव गुप्ता

कटान पीड़ितों ने उठाई जमीन के बदले जमीन और मकान के बदले मकान की मांग, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दिया संघर्ष का भरोसा
बदायूं, 15 सितंबर। दातागंज तहसील क्षेत्र के बाढ़ एवं गंगा कटान प्रभावित गांव कदम नगला और रैपुरा में मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने कटान पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ दोनों गांवों में पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा के भीषण कटान के चलते कदम नगला गांव का अस्तित्व लगभग समाप्त हो चुका है। कई मकान और ग्रामीणों की जमीनें कटकर गंगा में समा चुकी हैं। वहीं रैपुरा और कदम नगला की हजारों बीघा कृषि भूमि भी कटान की भेंट चढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि अब गंगा का कटान रैपुरा गांव से महज करीब 150 मीटर की दूरी पर चल रहा है। यदि समय रहते कटान रोकने के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो रैपुरा गांव के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और सरकार की ओर से कटान रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनका कहना था कि यदि समय रहते कटान रोधी कार्य कराए जाते तो कदम नगला को बचाया जा सकता था और किसानों की हजारों बीघा जमीन गंगा में समाने से रोकी जा सकती थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कटान पीड़ितों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि गंगा में समा चुकी किसानों की जमीन के बदले उन्हें जमीन और कटान में नष्ट हुए मकानों के बदले मकान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत दिलाने की मांग की।
अजीत यादव ने कहा कि योगी सरकार गंगा के कटान को रोकने में विफल रही है। कांग्रेस बाढ़ और कटान पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष को और तेज करेगी।
इस दौरान मंजेश यादव, साजिद खान, देव सिंह, कल्लू यादव, जुगेंद्र सिंह, अकरम खान, अरविंद, राजेंद्र समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस