बिसौली में ट्रैक्टर धोने को लेकर खूनी संघर्ष, कई घायल
गली में पानी और कीचड़ जमा होने पर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले; वीडियो वायरल
बिसौली (बदायूं)। कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव सर्वा में गली में ट्रैक्टर धोने के बाद हुए जलभराव और कीचड़ को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने से कई लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि गांव की गली में ट्रैक्टर धोने के बाद पानी और कीचड़ जमा हो गया था। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान युवक ही नहीं, बल्कि महिलाएं और बुजुर्ग भी संघर्ष में शामिल नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और अन्य सामान से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


