कादरचौक में शिक्षक संकुल बैठक, निपुण भारत मिशन समेत शैक्षणिक विषयों पर हुआ मंथन
बदायूं, 15 सितंबर। जनपद बदायूं के विकास खंड कादरचौक की न्याय पंचायत बाराचिर्रा की सितंबर माह की न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षक संकुल बैठक मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय इस्माईलपुर में आयोजित की गई। बैठक दोपहर 1:30 बजे शुरू होकर 3 बजे संपन्न हुई। इसमें विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और विभिन्न विभागीय कार्यों को समय से पूरा करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नोडल शिक्षक संकुल जमीर अहमद ने हॉलिस्टिक प्रोग्राम कार्ड, क्रियाशील बाल वाटिका, निपुण भारत मिशन के निर्धारित लक्ष्यों, आईईसी शिक्षण सामग्री के उपयोग, टीएलएम के प्रभावी प्रयोग, डिजिटल संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल तथा खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर जानकारी दी।
शिक्षक संकुल कामिनी रानी ने संदर्शिका, प्रिंटरिच सामग्री, किट्स एवं तालिका सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्रियों का कक्षा शिक्षण में प्रभावी प्रयोग करने के लिए शिक्षकों को प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा के फॉर्म भरने, प्रशस्त ऐप डाउनलोड कर वीडियो देखने, छात्रों के आधार कार्ड संबंधी सूचना तथा किताब वितरण ऐप पर पुस्तकों की फीडिंग को लेकर भी चर्चा हुई।
शिक्षक संकुल अल्पेश कुमार वैश्य ने इंस्पायर अवार्ड पंजीकरण, राशन कार्ड/फैमिली आईडी की सूचना, प्रेरणा पोर्टल पर नि:शुल्क पुस्तक वितरण का डाटा भरने तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा से लाभान्वित शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों की सूचना उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी।
वहीं शिक्षक संकुल परमानंद ने छात्रों की एपीएआर/एपीएआर आईडी पर हुए कार्य तथा ऑनलाइन छात्र उपस्थिति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद सभी शिक्षक संकुलों ने प्रेरणा ऐप पर दिए गए डीसीएफ में बैठक आयोजन संबंधी सूचना दर्ज की। साथ ही प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, नोडल शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों द्वारा गूगल फॉर्म पर भी बैठक से संबंधित सूचना भरना अनिवार्य किया गया।
बैठक में कामिनी रानी, जमीर अहमद, अल्पेश कुमार वैश्य, परमानंद, रूमाना बेगम, मुनेश कुमार, अंजना सक्सेना, नवनीत कुमार, काजिम अली, हरेंद्र मोहन सिंह, अन्जुम बी, दीपक गौड़, तलत खान, ज्योति तथा पूर्व एआरपी सर्वेश सिंह राठौड़ सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
अंत में प्रधानाध्यापक कामिनी रानी ने सभी उपस्थित शिक्षकों को सूक्ष्म जलपान कराया और बैठक में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


