धूमधाम से निकली भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा
श्री गणेश सेवा मंडल के 23वें गणेश महोत्सव का हुआ शुभारंभ, झांकियों और भजनों ने बांधा समां
बदायूं। श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से आयोजित 23वें गणेश महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान गणेश की आकर्षक झांकी के साथ निकली यात्रा में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो गया।
इससे पूर्व भगवान श्री गणेश परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में पधारे, जहां आज विधिवत वेद मंत्रों के साथ उनका पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद भगवान गणेश की भव्य झांकी सजाकर शोभायात्रा निकाली गई, जो भोले धाम तक पहुंची।
शोभायात्रा में शहर के विभिन्न मोहल्लों से भगवान गणेश की आकर्षक झांकियां शामिल हुईं। काली अखाड़ा के कलाकारों की प्रस्तुतियों और डीजे पर गूंजते भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
भगवान श्री गणेश की झांकी के साथ कथावाचक साध्वी मनुप्रिया जी रथ पर सवार होकर चल रही थीं। वहीं श्री गणेश सेवा मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय स्वयं रथ चला रहे थे। शोभायात्रा में नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता सहित शहर के गणमान्य नागरिक और श्री गणेश सेवा मंडल के सदस्य शामिल रहे।
इनका रहा विशेष सहयोग
श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से दीपमाला गोयल, कृष्णा कश्यप, इन्दू सक्सेना, सीमा राठौर, सरोज यादव, अर्चना गुप्ता, सुनील गुप्ता, सुनील वार्ष्णेय, रामेश्वर दयाल, संतोष गुप्ता, राहुल राठौर, रोहित गुप्ता जानू, मनोज गुप्ता, चन्द्र प्रकाश, नितेश वार्ष्णेय, लक्ष्मी आदि का विशेष सहयोग रहा।
संस्था की ओर से शोभायात्रा की जानकारी मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने दी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


