7:53 pm Monday , 14 September 2026
BREAKING NEWS

मुंडिया धुरेकी में श्री विघ्न हरण आनंद सेवा समिति ने धूमधाम से निकाली गणेश भव्य शोभायात्रा

श्री विघ्न हरण आनंद सेवा समिति ने धूमधाम से निकाली गणेश भव्य शोभायात्रा

बिसौली। नगर मुंडिया धुरेकी में श्री विघ्न हरण आनंद सेवा समिति के तत्वावधान में गणेश उत्सव के पावन अवसर पर भव्य गणेश शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और ताशों की गूंज के साथ श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरपर्सन अनुपम पाठक ने भगवान श्री गणेश की प्रथम आरती उतारकर किया। यात्रा में फूलों से सजी भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसके अलावा विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां, राधा-कृष्ण का नृत्य और शिव-पार्वती के स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों पड़ाव, होलीचोक, बारहसेनी और रायसती से होकर नरदेव चौक पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए कई स्थानों पर प्रसाद और शीतल जल की व्यवस्था भी की गई।

समिति के संस्थापक सदस्य राहुल शंखधार ने बताया कि गणेश विसर्जन 25 सितंबर को कछला घाट पर किया जाएगा, जबकि गणेश उत्सव का मेला 14 से 18 सितंबर तक आयोजित होगा।

शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। समापन पर महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को मोदक एवं लड्डू का महाप्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर सुरेश शर्मा, राजकुमार दक्ष, वीरेंद्र प्रजापति, दीपक मिश्रा, बनवारी लाल, शेखर, बंटी राणा, अशर्फी लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस