6:59 pm Monday , 14 September 2026
BREAKING NEWS

पैमाइश के बाद दोबारा कब्जा किया तो भू-माफिया में होगा नाम, होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम

पैमाइश के बाद दोबारा कब्जा किया तो भू-माफिया में होगा नाम, होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम
थाना समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादें, राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर ही निस्तारण के निर्देश

मैनपुरी में थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना घिरोर में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।

नगला राजा कोसमा हिनूद निवासी आकाश व ममता देवी ने शिकायत करते हुए बताया कि उनकी निजी भूमि के गाटा संख्या 540, 573, 561, 572 और 582 पर विपक्षियों ने दबंगई के बल पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया है। शिकायत पर डीएम ने प्रभारी निरीक्षक घिरोर को निर्देश दिए कि दोनों पक्षों को तत्काल बुलाकर क्षेत्रीय लेखपाल के अभिलेखों से भूमि का मिलान कराया जाए। यदि जांच में जबरन कब्जे की पुष्टि हो तो उसे तत्काल हटाकर शिकायतकर्ता को राहत दी जाए।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पैमाइश और सीमांकन के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा कब्जा करता है तो उसे भू-माफिया के रूप में चिन्हित कर सुसंगत धाराओं में दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कमजोर और गरीब वर्ग के लोगों की जमीन पर दबंगों का कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए भारी मुचलके में पाबंद किया जाए।

उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त भूमि विवादों पर थाना स्तर से ही राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए। पैमाइश और सीमांकन दोनों पक्षों की मौजूदगी में कराया जाए तथा कार्रवाई पर दोनों पक्षों के साथ मौके पर मौजूद संभ्रांत लोगों के हस्ताक्षर भी कराए जाएं। पूरी कार्रवाई का विवरण थाने की जीडी में दर्ज किया जाए।

ग्राम बादशाहपुर निवासी अमन ने मकान का बंटवारा कराकर निर्माण की अनुमति दिलाने की मांग की। इस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी घिरोर को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस में अवैध कब्जों की शिकायतों में कमी आई है, लेकिन अभी भी दबंगई और गुण्डागर्दी के बल पर कब्जे की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई कर यथासंभव शिकायतों का उसी दिन निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, तहसीलदार घिरोर, प्रभारी निरीक्षक घिरोर, राजस्व निरीक्षक एवं क्षेत्रीय लेखपाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

14 सितंबर 2026
रिपोर्टर अरुण कुमार

विज्ञापन एक्सप्रेस