राजकीय महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस
बदायूं, 14 सितंबर। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय बदायूं में हिंदी साहित्य परिषद के तत्वावधान में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय महिला महाविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. वंदना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने की तथा संचालन हिंदी साहित्य परिषद के संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. वंदना ने अपने उद्बोधन में कहा कि, हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों की संवाहिका है। हिंदी साहित्य का इतिहास भक्तिकाल के सूर, तुलसी, कबीर से लेकर आधुनिक काल के प्रेमचंद और महादेवी वर्मा तक अत्यंत समृद्ध रहा है। आज हिंदी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही है, लेकिन हमें इसे तकनीक और रोजगार की भाषा भी बनाना होगा। भविष्य में हिंदी तभी सशक्त होगी जब युवा पीढ़ी इसे गर्व के साथ अपनाएगी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा, “हिंदी हमारी अस्मिता का प्रतीक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में हिंदी को जो स्थान मिला है, वह स्वागत योग्य है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे हिंदी में चिंतन, मनन और सृजन करें। शिक्षकों का यह दायित्व है कि वह मातृभाषा के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभाए।”
इस अवसर पर डॉ. राजधन एवं डॉ. सतीश सिंह यादव ने कहा कि हिंदी को बाजारवाद के दौर में भी अपनी मौलिकता बनाए रखनी होगी। डॉ. संजीव राठौर ने हिंदी की वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया ने हिंदी को नया कलेवर दिया है।
इस अवसर पर डॉ. सारिका शर्मा, डॉ. ज्योति बिश्नोई, डॉ सरिता यादव, डॉ. दिनेश कुमार सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में संयोजक डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


