बदायूं
कछला गंगा घाट पर डूबने से 10 वर्षीय बच्ची लापता, 35 KM तक चला सर्च ऑपरेशन, तीसरे दिन भी हाथ खाली।
कछला (बदायूं 13 सितंबर।
सोरों में पिंडदान कर गंगा स्नान करने आई राजस्थान की एक श्रद्धालु बच्ची कछला गंगा घाट पर तेज बहाव में बह गई। तीसरे दिन रविवार शाम 6 बजे तक SDRF, पुलिस और नगर पंचायत के गोताखोरों ने 35 किलोमीटर तक गंगा को खंगाला, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार राजस्थान प्रदेश के जिला भरतपुर, थाना गेनोली मोड़, तहसील उच्चैन क्षेत्र के गांव दौलत गंगा निवासी वीरन अपने परिवार के करीब 40 लोगों के साथ अपनी मां का सोरों में पिंडदान करने आए थे। पिंडदान के बाद सभी बस से कछला गंगा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे।
स्नान के दौरान एक ही परिवार की तीन बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। डूबने वालों में 10 वर्षीय इंद्रा पुत्री वीरन, 15 वर्षीय गोविंदा पुत्र दलवीर और 12 वर्षीय सकीना पुत्री दलवीर शामिल हैं।
घाट पर मौजूद पुलिस और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए गोविंदा और सकीना को सकुशल बचा लिया, लेकिन 10 वर्षीय इंद्रा तेज बहाव में आंखों से ओझल हो गई।
इंद्रा की तलाश के लिए कछला पुलिस चौकी, नगर पंचायत कछला के गोताखोर और SDRF की 13 सदस्यीय टीम ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार को लगातार तीसरे दिन सर्च गंगा घाट से लेकर जनपद कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के कादरगंज तक करीब 30 से 35 किलोमीटर के दायरे में स्टीमर चलाकर तलाश की गई। जहां शक हुआ वहां जाल भी डाला गया। प्राइवेट गोताखोरों ने भी घंटों गंगा में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
बच्ची के न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन घाट पर ही टकटकी लगाए गंगा की ओर देख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


