बिजली के तार, स्टार्टर समेत कीमती सामान चोरी; सिंचाई व्यवस्था प्रभावित, पुलिस की सख्ती के दावों पर उठे सवाल
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के वनगढ़, हरिनगला, चकोलर समेत कई गांवों के जंगलों में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बीती रात चोर एक दर्जन से अधिक किसानों के ट्यूबवेलों से बिजली के तार, स्टार्टर और अन्य कीमती उपकरण चोरी कर हजारों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए।
सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को ट्यूबवेलों से सामान गायब मिला तो उनके होश उड़ गए। एक साथ कई ट्यूबवेलों में चोरी की जानकारी फैलते ही किसानों में आक्रोश फैल गया। उपकरण चोरी होने से किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है और फसलों को पानी देने में परेशानी खड़ी हो गई है।
सख्ती के दावों के बीच चोरों के हौसले बुलंद
थाना कुंवरगांव पुलिस की ओर से अपराध और चोरी की घटनाओं पर सख्ती किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन खेतों में लगातार हो रही ट्यूबवेल चोरी की घटनाएं इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल लंबे समय से चोरों के निशाने पर हैं। इसके बावजूद चोर रात के अंधेरे में एक साथ कई ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।
किसानों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि खेतों में लगातार चोरी होने के बावजूद चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। एक ही रात में एक दर्जन से अधिक किसानों के ट्यूबवेलों पर धावा बोले जाने से पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। किसानों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और खेतों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


