7:02 pm Sunday , 13 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी -बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने युवकों को पकड़ा, पिटाई का वीडियो वायरल

मैनपुरी -बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने युवकों को पकड़ा, पिटाई का वीडियो वायरल।

कुर्रा थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच।

मैनपुरी/कुर्रा 13 सितंबर ।

कुर्रा थाना क्षेत्र में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा कुछ युवकों को पकड़कर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांवों में पिछले कुछ दिनों से बकरी चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं, जिससे पशुपालक परेशान थे। ग्रामीण खुद भी रात में रखवाली कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को कुछ संदिग्ध युवक गांव में बकरी चोरी करने की नीयत से पहुंचे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया।

आरोप है कि पकड़े जाने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने युवकों की पिटाई कर दी। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

हालांकि वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान और घटना की पूरी सच्चाई की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उधर, मामले की जानकारी पर कुर्रा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि पकड़े गए युवक कौन हैं, क्या उनका बकरी चोरी से कोई संबंध है और मारपीट करने वाले लोग कौन-कौन थे।

ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अरूण कुमार की रिपोर्ट।

विज्ञापन एक्सप्रेस