कादरचौक में कांग्रेस की बैठक, मलेरिया विभाग की लापरवाही पर आक्रोश, किया प्रदर्शन।
उझानी-बदांयू 13 सितंबर।
विकास खंड कादरचौक की ग्राम पंचायत बमनौसी में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक ब्लॉक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह यादव के नेतृत्व में चेतराम की बैठक पर हुई। बैठक में गांव की ज्वलंत समस्याओं को लेकर चर्चा हुई और आगे की रणनीति तय की गई।
बैठक के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में गांव में गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां जन्म ले रही हैं। विभागीय अधिकारी बीमारियों के प्रति मूकदर्शक बने हुए हैं। ग्रामीण मरीज का रूप लेकर अस्पतालों में इलाज के लिए लाइन में घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं। उमस भरी गर्मी में लाइन में खड़े गंभीर बीमारी के मरीज बेहाल हो जाते हैं। गरीब लोगों को दवा खरीदने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मलेरिया विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छर पनप रहे हैं, मच्छरों के काटने से बीमारियां फैल रही हैं। ग्रामीणों ने डी-लार्वा स्प्रे कराने की मांग की है।
बैठक के उपरांत सत्यवीर सिंह यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मलेरिया विभाग के खिलाफ आवाज उठाई और नारेबाजी की।
इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में जिलाधिकारी बदायूँ के नाम एक सूत्रीय मांग पत्र भी भेजा गया है। मांग पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत बमनौसी में विभागीय लापरवाही के चलते गांव में डी-लार्वा स्प्रे नहीं कराया गया है, जिससे गांव में खतरनाक मच्छरों की भरमार है। सफाई व्यवस्था चौपट है, नाली-नाले चोक हैं, बदबू आ रही है। संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। झोलाछाप डॉक्टरों के यहां मरीजों की भीड़ देखी जा सकती है।
मांग पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि गांव की गलियों में युद्ध स्तर पर साफ-सफाई कराकर डी-लार्वा स्प्रे कराया जाए और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कैंप लगाकर मरीजों की जांच कराकर दवा बंटवाई जाए।
नारेबाजी के दौरान संतोष, बबलू, सुरेश, कल्लू, मुनेन्द्र, श्रीपाल, अवधेश, रामवती, गुड्डो, विमला, कमला देवी, दीपक, ललिता, ममता, शमसबानो, लीलावती सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


