बदायूं
भव्य कलश यात्रा से गूंजा जगत, सनातन संस्कृति के रंग में रंगा पूरा गांव
केशव गुप्ता
जगत। ब्लॉक जगत स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, बड़ा कुआं से रविवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों के साथ माता-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। श्रद्धा और आस्था से ओतप्रोत इस भव्य दृश्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा के दौरान महिलाओं की कतार और धार्मिक वातावरण को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं देवी-देवता धरती पर उतर आए हों। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सनातन संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए धार्मिक वातावरण को और भी भव्य बना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय हनुमान दल के पदाधिकारी एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान जिला अध्यक्ष ठाकुर दिनेश सिंह, जिला मंत्री बेदराम पाल, जिला संयोजक अवनीश पाल मिस्त्री, शेखूपुर विधानसभा अध्यक्ष रामदास मौर्य, विधानसभा उपाध्यक्ष उदयवीर शाक्य, तहसील अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा, तहसील मंत्री अरविंद कुमार राठौर, नगर अध्यक्ष आलापुर सुशील राठौर, नगर उपाध्यक्ष सखानू, ब्लॉक उपाध्यक्ष राहुल पाल, प्रचार मंत्री अखिलेश राजपूत सहित ब्लॉक कार्यकारिणी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कलश यात्रा के सफल आयोजन में राष्ट्रीय हनुमान दल की ओर से विशेष सहयोग रहा। साथ ही राधा-कृष्ण मंदिर के संचालक रामेश्वर दयाल शर्मा एवं समस्त ग्रामवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भव्य कलश यात्रा ने पूरे जगत क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता कर अपनी सनातन परंपरा के प्रति आस्था व्यक्त की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


